बिलासपुर में सोशल मीडिया कमेंट को लेकर बवाल, दो पक्षों में पथराव; टीआई समेत कई घायल

0

बिलासपुर। CG DASTAK 

बिलासपुर। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज में सोशल मीडिया पर किए गए कमेंट को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों की ओर से जमकर ईंट-पत्थर चले। स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम पर भी पथराव किया गया, जिसमें तारबाहर थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

सोशल मीडिया कमेंट से शुरू हुआ विवाद

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर किए गए एक कमेंट को लेकर दो पक्षों के युवकों के बीच विवाद शुरू हुआ। इसके बाद गाली-गलौज और मारपीट हुई। मामला बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर फेंकने लगे।

पथराव के दौरान कई लोगों के घायल होने की सूचना है। वहीं, तीन युवकों के चाकूबाजी में घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजे जाने की बात कही जा रही है।

पुलिस पर भी हुआ पथराव

विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस टीम पर भी पथराव किया गया। पथराव में तारबाहर टीआई रविशंकर तिवारी के सिर में चोट लगने की जानकारी सामने आई है।

बढ़ती भीड़ और तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस ने कई बार बल प्रयोग किया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए और उपद्रव कर रहे युवकों को मौके से खदेड़ा गया।

कलेक्टर और एसएसपी ने संभाला मोर्चा

घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। दोनों पक्षों की ओर से नारेबाजी भी की गई। हालात को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह समेत पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। मौके पर विधायक सुशांत शुक्ला समेत स्थानीय लोग भी पहुंचे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने बैठक कर युवाओं को समझाइश दी और स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया।

देर रात तक  का माहौल

पथराव के बाद देर रात तक क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा। कोतवाली थाने में भी लोगों की भीड़ जमा रही। सड़कों पर युवकों की भीड़ और नारेबाजी के चलते पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। संवेदनशील क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। विवाद की वास्तविक वजह, घायलों की संख्या और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई से जुड़ी विस्तृत जानकारी पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी।

संपादकीय सावधानी: शुरुआती जानकारी के आधार पर किसी व्यक्ति या पक्ष को दोषी न माना जाए। आरोप और घटनाक्रम की पुष्टि पुलिस जांच के बाद होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here