फातिमा शेख फाउंडेशन ने किया सम्मान समारोह, मेधावी विद्यार्थियों और समाजसेवियों का बढ़ाया हौसला

0

चिरमिरी। CG DASTAK 

चिरमिरी। 12 रबी अव्वल के मुबारक अवसर पर फातिमा शेख फाउंडेशन, चिरमिरी की ओर से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वरिष्ठजनों के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले विद्यार्थियों और प्रतिभाओं का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

समारोह में चिरमिरी की बेटी उबरा सिद्दीकी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने इस वर्ष चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) की परीक्षा उत्तीर्ण कर समाज और शहर का नाम रोशन किया है। उनके साथ उनके परिवार का भी सम्मान किया गया।

80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले 17 विद्यार्थियों का सम्मान

कार्यक्रम में 10वीं और 12वीं कक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले समाज के 17 मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। फाउंडेशन की ओर से विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

इसके अलावा शहर की विभिन्न अंजुमन कमेटियों के पेशइमाम, सदर और सेक्रेटरी का भी गुलपोशी और शॉल भेंट कर सम्मान किया गया। मस्जिद की साज-सज्जा एवं व्यवस्था में योगदान देने वाली अंजुमन कमेटी को भी सम्मानित किया गया।

शिक्षा को बढ़ावा देना फाउंडेशन का उद्देश्य

फाउंडेशन के संरक्षक मोहम्मद वाहिद ने बताया कि संस्था पिछले चार वर्षों से चिरमिरी शहर के अलग-अलग अंजुमनों में ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसका उद्देश्य समाज के होनहार बच्चों को प्रोत्साहित करना और शिक्षा एवं सेवा के संदेश को घर-घर तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि किसी भी समाज का विकास शिक्षा के बिना संभव नहीं है। फातिमा शेख के शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को प्रेरणा मानते हुए चार वर्ष पहले फाउंडेशन की स्थापना की गई।

उन्होंने बताया कि संस्था ऐसे विद्यार्थियों को सम्मानित करती है, जो आलिम, हाफिज, कारी, आदिब, माहिर जैसी दीनी शिक्षा के साथ-साथ NEET, JEE, IIT, CA जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करते हैं। इसके अलावा पॉलिटेक्निक में चयन होने वाले तथा 10वीं-12वीं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का भी सम्मान किया जाता है।

चिरमिरी की बेटी की सफलता बनी प्रेरणा

इस वर्ष उबरा सिद्दीकी के CA बनने को फाउंडेशन ने शहर और समाज के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। कार्यक्रम में उनकी सफलता की सराहना करते हुए उन्हें और उनके परिवार को सम्मानित किया गया।

आयोजकों ने कहा कि ऐसी उपलब्धियां समाज के दूसरे बच्चों को भी मेहनत और शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।

आयोजन में इनकी रही सहभागिता

कार्यक्रम में फाउंडेशन के संस्थापक शेख इस्माइल, संरक्षक शकील अहमद, हबीब खान, फैजुल्ला, अध्यक्ष बिलाल अंसारी, सेक्रेटरी अख्तर अली, खजांची अफरोज खान, कौशाद खान, शाहिद, इमरान खान सहित पोंडी अंजुमन के सदर, सेक्रेटरी एवं अन्य सदस्य मौजूद रहे।

फाउंडेशन ने शिक्षा, प्रतिभा प्रोत्साहन और सामाजिक सेवा की दिशा में अपने प्रयासों को आगे भी जारी रखने की बात कही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here