सरगुजा-सूरजपुर सीमा पर जंगल में युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

0

सूरजपुर। CG DASTAK 

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर और सरगुजा जिले की सीमा से लगे जंगल में एक युवक और युवती के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों के शव पेड़ पर लटके हुए मिले। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह जंगल में मशरूम (खुखड़ी) लेने गए ग्रामीणों ने पेड़ पर युवक-युवती के शव देखे। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

युवक की पहचान मुलचंद के रूप में

पुलिस जांच के दौरान मौके से मिले पहचान पत्र के आधार पर युवक की पहचान खड़गवां चौकी क्षेत्र निवासी मुलचंद (21) के रूप में हुई है। वहीं युवती की पहचान रिंकी सिंह के रूप में बताई गई है। रिंकी मूल रूप से रामानुजनगर थाना क्षेत्र के तेलसरा की रहने वाली बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक दोनों के शवों के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर जांच जारी है।

बाइक भी मिली

घटनास्थल के पास पुलिस को HF Deluxe बाइक (CG 15 DG 3422) भी मिली है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि दोनों जंगल तक कैसे पहुंचे थे और घटना से पहले उनके साथ क्या हुआ था।

फॉरेंसिक टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शवों को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।

प्रेम प्रसंग की भी चर्चा, पुलिस ने पुष्टि नहीं की

पुलिस जांच में प्रारंभिक तौर पर दोनों के बीच परिचय और संभावित प्रेम संबंध की बात सामने आने की चर्चा है। हालांकि पुलिस ने प्रेम प्रसंग की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

सूरजपुर के एएसपी योगेश कुमार देवांगन ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों का इंतजार कर रही है। दोनों की मौत की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here