
इंदिरा नगर बघेरा की घटना, पुलिस ने आरोपी बड़े भाई को मौके से पकड़ा; विवाद की वजह और घटनाक्रम की जांच जार
दुर्ग। CG DASTAK
दुर्ग के इंदिरा नगर बघेरा इलाके में बुधवार सुबह पैसों के लेन-देन को लेकर दो सगे भाइयों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद बढ़ने पर बड़े भाई ने छोटे भाई पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद छोटे भाई की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया।
मृतक की पहचान कैलाश देवांगन (26) निवासी इंदिरा नगर बघेरा के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका बड़ा भाई देवेंद्र देवांगन बताया गया है। दोनों भाई बघेरा क्षेत्र में चॉइस सेंटर चलाते थे।
पैसों के लेन-देन को लेकर चल रहा था विवाद
पुलिस के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच चॉइस सेंटर से होने वाले पैसों के लेन-देन को लेकर कुछ समय से विवाद चल रहा था। बुधवार सुबह इसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर देवेंद्र ने घर में रखी कुल्हाड़ी से कैलाश पर हमला कर दिया।
हमले में कैलाश गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मौके से आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
कोतवाली थाना प्रभारी नवीन राजपूत के मुताबिक सूचना मिलते ही पुलिस टीम इंदिरा नगर बघेरा पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। आरोपी देवेंद्र देवांगन को पुलिस ने मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब दोनों भाइयों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर चल रहे विवाद की वजह और घटना से पहले हुई बातचीत सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस जुटा रही ई-साक्ष्य
पुलिस के मुताबिक मामले में आसपास के लोगों और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं और ई-साक्ष्य भी तैयार किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होगा।
फिलहाल आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










