लालपुर स्कूल में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत, 50 पौधे लगाने का लिया संकल्प

0

लालपुर। शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला लालपुर, संकुल मुरता में पर्यावरण संरक्षण और वन्य जीवों की रक्षा का संदेश देते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में पालक समुदाय, शाला प्रबंधन समिति, शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रकृति के पोषण के लिए धरती माता और मानव जीवन के पोषण के लिए मां के बीच समानता को दर्शाते हुए अपनी मां के प्रति प्रेम, आदर और सम्मान के प्रतीक के रूप में पौधा लगाने का संदेश दिया गया।

विद्यालय परिसर में पालक समुदाय, विद्यार्थियों और शिक्षकों के सहयोग से कुल 50 पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसकी शुरुआत ‘एक पेड़ मां के नाम’ पौधरोपण से की गई।

पहले भी लगाए जा चुके हैं कई प्रजातियों के पौधे

शिक्षक शांत कुमार पटेल ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से स्कूल परिसर में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के संयुक्त प्रयास से पहले भी कई छायादार और फलदार पौधे लगाए गए हैं। इनमें जामुन, गुलमोहर, पाम, अशोक, नीम, शीशम, करन, कटहल, आम और अमरूद सहित अन्य पौधे शामिल हैं। अब ये पौधे विद्यालय परिसर में छाया और हरियाली प्रदान कर रहे हैं।

बच्चों में दिखा उत्साह

पौधरोपण कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों को पर्यावरण संरक्षण और पेड़ों के महत्व के बारे में जागरूक करते हुए उनकी भागीदारी भी सुनिश्चित की गई।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने कहा कि भविष्य में पर्यावरण से जुड़ी चुनौतियों को देखते हुए आज हर व्यक्ति को पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होना जरूरी है। अधिक से अधिक पेड़ लगाकर न केवल हरियाली बढ़ाई जा सकती है, बल्कि वन्य जीवों के संरक्षण में भी योगदान दिया जा सकता है।

कार्यक्रम में प्रधान पाठक बृजपाल सिंह डाहिरे, शिक्षक शांत कुमार पटेल, मोतीराम पात्रे, घनश्याम साहू, मितानिन फोहारा बाई, जमुना बाई, सफाई कर्मचारी विश्वजीत चंदेल, हेमचंद बर्मन सहित बड़ी संख्या में पालकगण उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here