
स्कूल में शिक्षकों की कमी, पालकों ने कलेक्टर को दिया 15 दिन का अल्टीमेटम
बेमेतरा। CG DASTAK

शहर के पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शिवलाल राठी शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में शिक्षकों की कमी को लेकर विद्यार्थियों और पालकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। पालकों का आरोप है कि पर्याप्त संख्या में शिक्षक नहीं होने के कारण विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है और कई विषयों की कक्षाएं भी सुचारु रूप से संचालित नहीं हो पा रही हैं।
कलेक्टर को सौंपा आवेदन
शिक्षकों की कमी की समस्या को लेकर पालकों ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर जल्द से जल्द आवश्यक शिक्षकों की व्यवस्था करने की मांग की है। पालकों का कहना है कि शिक्षकों की कमी का असर विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर के साथ-साथ आगामी परीक्षाओं की तैयारी पर भी पड़ रहा है।
पहले भी की गई थी शिकायत
पालकों के मुताबिक, इस समस्या को लेकर 3 अगस्त 2026 को कलेक्टर जनदर्शन में टोकन क्रमांक 518 के माध्यम से आवेदन दिया गया था। हालांकि, शिकायत के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं होने का दावा पालकों ने किया है।
15 दिन का अल्टीमेटम
अब पालकों ने प्रशासन को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है। उनका कहना है कि निर्धारित समय के भीतर स्कूल में आवश्यक शिक्षकों की व्यवस्था नहीं की गई तो पालक और छात्र-छात्राएं आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
पालकों ने स्कूल में तालाबंदी की चेतावनी भी दी है। उनका कहना है कि शिक्षकों की व्यवस्था करना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है और विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए समस्या का तत्काल समाधान किया जाना चाहिए।
वैकल्पिक व्यवस्था की भी मांग
पालकों ने मांग की है कि जब तक नियमित शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होती, तब तक वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से पर्याप्त शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
अब देखना होगा कि पालकों के अल्टीमेटम के बाद शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।










