JPSC भर्ती विवाद: 13वें दिन भी छात्रों का आंदोलन जारी, CM से सीधे वार्ता पर अड़े; 6 छात्र आमरण अनशन पर

0

भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपों पर रांची में प्रदर्शन तेज, छात्र बोले– मुख्यमंत्री से होगी बातचीत, CBI-ED जांच की मांग बरकरार

रांची। CG DASTAK 

झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की भर्ती परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में धरना 13वें दिन भी जारी रहा, जबकि 6 छात्र आमरण अनशन पर बैठे हैं। छात्रों ने सरकार से बातचीत के लिए दो शर्तें रखी हैं—पहली, वार्ता सीधे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से हो और दूसरी, बैठक में कम से कम दो मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहें ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रहे।

छात्र नेता रविंद्र पासवान ने बताया कि सरकार की ओर से एसडीओ बातचीत का प्रस्ताव लेकर पहुंचे थे। उन्होंने छात्र प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों के नाम मांगे हैं, जिसके बाद बैठक की तारीख और समय तय किया जाएगा। हालांकि छात्रों का आरोप है कि सरकार केवल सीमित प्रतिनिधिमंडल बुलाकर आंदोलन को कमजोर करना चाहती है।

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे देवेंद्रनाथ महतो समेत छह छात्र आमरण अनशन पर हैं। अनशन के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने पर मेडिकल टीम ने इलाज किया। छात्रों की मुख्य मांग JPSC भर्ती मामले की CBI और ED से जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई तथा भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।

विवाद की शुरुआत 2 जुलाई को JPSC की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद हुई। कई अभ्यर्थियों ने चयन प्रक्रिया में अनियमितता, कट-ऑफ सार्वजनिक नहीं करने और कथित OMR शीट वायरल होने जैसे गंभीर आरोप लगाए। विवाद बढ़ने पर आयोग ने मुख्य परीक्षा स्थगित कर दी।

इधर, मामले की जांच कर रही CID ने अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है और जांच जारी है। वहीं छात्र अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय की उम्मीद जता रहे हैं।

CG Dastak | हर खबर, सीधा सच!

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here