शादी का झांसा देकर वर्षों तक दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया

0

पखांजूर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, वर्ष 2018 से पीड़िता का कथित शारीरिक शोषण करने के आरोप में युवक गिरफ्तार

कांकेर/पखांजूर। CG DASTAK 

कांकेर जिले की पखांजूर पुलिस ने शादी का झांसा देकर वर्षों तक दुष्कर्म करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के ग्राम पुसेवाड़ा से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त 2026 को पीड़िता ने थाना पखांजूर में शिकायत दर्ज कराई कि उसके भाई के व्यवसायिक साझेदार चन्द्रशेखर पोया का उनके घर आना-जाना था। पीड़िता का आरोप है कि वर्ष 2018 में आरोपी ने शादी का वादा कर उसका विश्वास जीता और संबंध बनाए।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि 10 मार्च 2018 की रात आरोपी ने घर में रुकने के दौरान उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया और घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी लंबे समय तक शादी का झांसा देकर उसका कथित शारीरिक शोषण करता रहा। बाद में आरोपी द्वारा विवाह से इंकार किए जाने पर पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की।

पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना पखांजूर में अपराध क्रमांक 136/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार कुर्रे के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी कुलदीप बंजारे के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक तेज कुमार वर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी की तलाश कर उसे ग्राम पुसेवाड़ा, थाना खड़गांव (जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी) से गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here