
रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के बाद विजय बघेल ने भी उठाया मामला, भिलाई नगर निगम के तत्कालीन आयुक्त और भिलाई-चरोदा निगम आयुक्त पर सांसद के विशेषाधिकार के उल्लंघन का आरोप
रायपुर/दुर्ग।
छत्तीसगढ़ में सांसदों और नगर निगम अधिकारियों के बीच विवाद गहराता नजर आ रहा है। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के बाद अब दुर्ग सांसद विजय बघेल ने भी विशेषाधिकार हनन की शिकायत दर्ज कराई है। विजय बघेल ने लोकसभा अध्यक्ष के समक्ष भिलाई नगर निगम के तत्कालीन आयुक्त राजीव कुमार पांडेय तथा भिलाई-चरोदा नगर निगम के आयुक्त डीएस राजपूत के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का मामला उठाया है।
सांसद विजय बघेल का आरोप है कि दोनों अधिकारियों ने सांसद के संवैधानिक अधिकारों और दायित्वों की उपेक्षा की, जिससे जनप्रतिनिधि के विशेषाधिकार प्रभावित हुए। इसी आधार पर उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
इससे पहले रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी विशेषाधिकार हनन का मामला उठा चुके हैं। ऐसे में लगातार दो सांसदों द्वारा की गई शिकायतों ने प्रदेश की प्रशासनिक और राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है।
फिलहाल लोकसभा अध्यक्ष के समक्ष शिकायत दर्ज होने के बाद इस मामले में आगे की प्रक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हैं। संबंधित अधिकारियों की ओर से इस संबंध में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।










