
कोरबा के बालको थाना क्षेत्र की घटना, छोटे भाई के साथ खेलते समय हुआ हादसा, पुलिस जांच में जुटी

कोरबा। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। सतनाम नगर में खेलते-खेलते 10 वर्षीय मासूम बच्ची की गमछा गले में फंसने से दम घुट गया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, रोमा राज (10 वर्ष) मूल रूप से गढ़ उपरोड़ा की रहने वाली थी। वर्तमान में उसका परिवार बालको के सतनाम नगर में रहता है। रोमा कक्षा तीसरी की छात्रा थी और घटना के समय अपने छोटे भाई के साथ घर में खेल रही थी।
परिजनों ने बताया कि खेल-खेल में रोमा ने गमछे को ऊपर बांधकर उसमें सिर डालने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि वह पहले भी छोटे भाई को हंसाने के लिए ऐसा मजाक करती थी। इस बार गमछा अचानक उसके गले में कस गया, जिससे उसका दम घुटने लगा।
जब तक परिजनों की नजर उस पर पड़ी और उसे बचाने का प्रयास किया गया, तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह एक दुखद हादसा प्रतीत हो रहा है।










