कांकेर में घर पर छाप रहा था नकली नोट, 6.5 लाख के जाली नोटों के साथ आरोपी गिरफ्तार

0

नशे और कर्ज से परेशान युवक बना नकली नोट छापने वाला, पुलिस ने 500 रुपये के जाली नोट, प्रिंटर, लैपटॉप और स्कैनर किए जब्त

कांकेर। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 6.5 लाख रुपये के नकली नोटों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले 5 से 6 महीनों से अपने घर में ही प्रिंटर और स्कैनर की मदद से 500 रुपये के नकली नोट छाप रहा था। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में जाली नोटों के अलावा प्रिंटर, लैपटॉप, स्कैनर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि नया बस स्टैंड क्षेत्र में एक युवक बड़ी मात्रा में नकली नोट लेकर घूम रहा है और उन्हें बाजार में खपाने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से बड़ी संख्या में 500 रुपये के नकली नोट बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और कर्ज में डूबा हुआ था। जल्दी पैसा कमाने के लालच में उसने घर पर ही नकली नोट छापने की योजना बनाई थी। वह पिछले कई महीनों से प्रिंटर और स्कैनर की मदद से नकली नोट तैयार कर रहा था।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के घर से नकली नोट छापने में इस्तेमाल किए गए प्रिंटर, लैपटॉप और स्कैनर भी जब्त किए हैं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अकेले इस काम को अंजाम दे रहा था या उसके साथ कोई गिरोह भी जुड़ा हुआ है।

पुलिस विशेषज्ञों की मदद से यह भी जांच कर रही है कि नकली नोट असली नोटों से कितने मिलते-जुलते थे और अब तक कितने जाली नोट बाजार में खपाए जा चुके हैं। आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here