
कुम्हारी की घटना, चार साल पहले हुई थी शादी, छह माह का मासूम हुआ मां से बिछड़ा; आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पत्नी के चरित्र पर संदेह को लेकर हुए विवाद में पति ने कथित तौर पर हंसिया से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान दुर्गा यादव (22) के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब चार वर्ष पहले घनश्याम यादव (25) से हुई थी। दंपति का छह माह का एक बेटा भी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी घनश्याम यादव शराब के नशे में अक्सर पत्नी पर किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक जताकर विवाद और मारपीट करता था।
रविवार सुबह करीब 9:30 बजे इसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। आरोप है कि गुस्से में आकर घनश्याम ने हंसिया से पत्नी पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दुर्गा को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर कुम्हारी थाना पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।










