कुलगाम आतंकी हमले में मारे गए छत्तीसगढ़ के श्रमिकों के परिजनों को 20-20 लाख की सहायता, सीएम साय का ऐलान

0

दिल्ली दौरे से लौटे मुख्यमंत्री ने की घोषणा, महानदी जल विवाद, रेल परियोजनाओं और बस्तर विकास पर भी दी बड़ी जानकारी

रायपुर। CG DASTAK 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दिवंगत श्रमिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

दिल्ली दौरे से लौटने के बाद पत्रकारों से चर्चा में मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बस्तर के विकास, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद एम्स की स्थापना की मांग भी प्रधानमंत्री के समक्ष रखी गई है। साथ ही बस्तर के विकास कार्यों को गति देने का भरोसा मिला है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि महानदी जल विवाद को लेकर ओडिशा के मुख्यमंत्री और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री के साथ सकारात्मक बैठक हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले तीन महीने में जल बंटवारे को लेकर निर्णय हो सकता है।

रेल परियोजनाओं पर उन्होंने कहा कि कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन के निर्माण का रास्ता साफ हुआ है। इसके अलावा बस्तर क्षेत्र में नई रेल लाइनों और नक्सल प्रभावित इलाकों में मोबाइल टावर तथा बिजली सुविधा के विस्तार पर भी केंद्र सरकार से चर्चा हुई है।

कांग्रेस पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आतंकी हमले पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया को लेकर कहा कि कांग्रेस को हर मुद्दे में बीजेपी और आरएसएस की साजिश नजर आती है। उन्होंने कहा कि “कांग्रेस को अपना चश्मा बदलने की जरूरत है।” वहीं जम्मू-कश्मीर के नेताओं के पलायन संबंधी बयानों पर उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में रोजगार की कोई कमी नहीं है और राज्य में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here