
स्कूल कार्यालय में कथित शराब पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने का आरोप
गरियाबंद। CG DASTAK

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। मैनपुर विकासखंड के शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला देवझर (अमली) में दो शिक्षक स्कूल कार्यालय में कथित तौर पर शराब पीते और चखना करते नजर आए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।
जानकारी के अनुसार, स्कूल के शिक्षक मनोज कुमार भारद्वाज और कमल सिंह दीवान कार्यालय में शराब पार्टी करते मिले। इस दौरान विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राएं मौजूद थे, जबकि नियमित पढ़ाई प्रभावित होने के आरोप भी लगाए गए हैं।
बताया जा रहा है कि विद्यालय के तीन शिक्षक अवकाश पर थे, जबकि मौजूद दोनों शिक्षकों पर बच्चों को पढ़ाने के बजाय कार्यालय में समय बिताने का आरोप है। यह भी आरोप है कि दोनों शिक्षक निर्धारित ड्रेस कोड का पालन नहीं कर रहे थे और टी-शर्ट व कार्गो जींस पहनकर स्कूल पहुंचे थे।

यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित शिक्षकों पर विभागीय कार्रवाई हो सकती है। फिलहाल वायरल वीडियो के बाद शिक्षा विभाग से मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग उठ रही है।










