योग गुरु प्रकाश लाल जी की पुण्यतिथि ‘स्मृति दिवस’ के रूप में मनाई गई, रायपुर के 8 केंद्रों पर हुए कार्यक्रम

0

भारतीय योग संस्थान के योग साधकों ने पुष्पांजलि अर्पित कर सेवा, समर्पण और योग के संदेश को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प

रायपुर। CG DASTAK 

भारतीय योग संस्थान के संस्थापक, समाजसेवी एवं प्रेरणास्रोत योग गुरु श्रद्धेय श्री प्रकाश लाल जी की पुण्यतिथि शुक्रवार को ‘स्मृति दिवस’ के रूप में श्रद्धा और भावपूर्ण वातावरण में मनाई गई। रायपुर के विभिन्न योग केंद्रों पर आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में योग साधकों ने भाग लिया और पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

स्मृति दिवस के अवसर पर सिंधु पैलेस, आनंद नगर, एसएसडी धाम, अशोका आईकॉन, डब्ल्यूआरएस, अम्बेडकर भवन (देवेन्द्र नगर), नलघर चौक/बूढ़ा तालाब केंद्र तथा भैरव सोसायटी सहित कुल आठ स्थानों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रमों में दीप प्रज्ज्वलन, पुष्पांजलि, योगाभ्यास, विचार गोष्ठी और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि श्रद्धेय श्री प्रकाश लाल जी का संपूर्ण जीवन सेवा, समर्पण और सामाजिक समरसता का प्रतीक रहा। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज को नई दिशा मिल सकती है।

इस अवसर पर उनके प्रेरक संदेश को भी याद किया गया कि “संस्थान ऐसे कार्यकर्ताओं का निर्माण करना चाहता है जो लेटे को बैठा दे, बैठे को खड़ा कर दे, खड़े को दौड़ा दे और दूसरों में प्राण फूंककर उन्हें प्रेरणास्रोत बना दे।”

कार्यक्रम में उपस्थित सभी योग साधकों ने “सेवा ही पूजा है” तथा “सर्वे भवन्तु सुखिनः” के संकल्प के साथ नियमित योग करने और समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में मुकेश सोनी, राजेश डागा, राजेश अग्रवाल, के.आर. साहू, वंदना, विनोद, ममता, ऋतु, किरण, सपना, पूनम, क्षमा, लक्ष्मी, लता, जया, सोनिया, सविता, हर्षपाल, लक्ष्मी प्रसाद, दीपक, पिंकी, सोनाली, भावना, नीलम सहित भारतीय योग संस्थान के सभी कार्यकर्ताओं और योग प्रेमियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

सभी केंद्रों पर कार्यक्रम शांतिपूर्ण, अनुशासित और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here