
दुर्ग। CG DASTAK
पुलगांव थाना क्षेत्र की घटना, पार्टी को भुगतान करने ले जा रहे थे नकदी; पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पूरी खबर:
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में दिनदहाड़े कार का शीशा तोड़कर लाखों रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। पुलगांव थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक कारोबारी की कार का शीशा तोड़कर उसमें रखा 4 लाख 90 हजार रुपये से भरा बैग पार कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों में एक संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिया है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलगांव थाना पुलिस के अनुसार, मुक्त नगर निवासी प्रमोद महेश्वरी, जो देव एग्रो इंडस्ट्रीज के संचालक हैं, मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे अपने घर से 4.90 लाख रुपये लेकर स्विफ्ट कार से निकले थे। यह रकम एक काले रंग के बैग में रखी थी, जिसे वे एक पार्टी को भुगतान करने के लिए ले जा रहे थे।

बताया गया कि सुबह करीब 9 बजे उन्होंने पोटिया रोड स्थित उत्सव शोरूम के सामने अपनी कार खड़ी कर लॉक कर दी और दूसरी बाइक से नया पारा स्थित अपने परिचित रितेश साहू की बारदाना दुकान चले गए। इसके बाद वे इंदिरा मार्केट की एक दुकान पर चाय पीने रुक गए।
कुछ देर बाद उत्सव शोरूम के संचालक अमरजीत सिंह ने फोन कर बताया कि उनकी कार का अगला शीशा टूटा हुआ है। मौके पर पहुंचने पर प्रमोद महेश्वरी ने देखा कि कार में रखा नकदी से भरा बैग गायब था। सूचना मिलते ही पुलगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली है, जिसमें एक संदिग्ध बाइक सवार नजर आया है। पुलिस उसकी पहचान करने का प्रयास कर रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपी को कारोबारी के पास बड़ी रकम होने की पहले से जानकारी हो सकती थी। मामले की जांच जारी है।










