
रायपुर/धरसींवा। CG DASTAK
समीक्षा बैठक में लंबित मामलों पर मांगी रिपोर्ट, जनदर्शन में सुनीं लोगों की समस्याएं, पात्र हितग्राहियों को वितरित किए आवास के पट्टे।
पूरी खबर:
रायपुर/धरसींवा। धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की समीक्षा के लिए विधायक अनुज शर्मा ने जनपद पंचायत सभा कक्ष में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचे और विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाए।
विधायक ने लोक निर्माण, बिजली, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बिना कारण फाइलों को लंबित न रखा जाए तथा लंबे समय से रुके कार्यों पर तत्काल एक्शन टेकन रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
बैठक में अनुज शर्मा ने अधिकारियों को कार्यालयों तक सीमित रहने के बजाय गांवों और कार्यस्थलों पर पहुंचकर विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी और आम लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए।
समीक्षा बैठक के बाद विधायक सेवा सदन में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में भी पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याएं और मांगें रखीं। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को कई मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान शासन की योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को आवास के पट्टे भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप यदु, जनपद अध्यक्ष शंकुतला सेन, जनपद सीईओ आशीष केशरवानी सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।










