
जगदलपुर/रांची। CG DASTAK
झारखंड में सुरक्षा बलों की कार्रवाई, कई राज्यों में सक्रिय रहा माओवादी नेता गिरफ्तार; बस्तर, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के नेटवर्क से जुड़े होने का दावा।

खबर:
जगदलपुर/रांची। सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। करीब डेढ़ करोड़ रुपये के इनामी माओवादी नेता मिसिर बेसरा उर्फ भास्कर उर्फ सुनीर्मल को झारखंड में सुरक्षा बलों ने उसके दो साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, वह माओवादी संगठन के शीर्ष नेतृत्व में शामिल था और कई राज्यों में नक्सली नेटवर्क के संचालन में अहम भूमिका निभा रहा था।
सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, मिसिर बेसरा पिछले दो दशकों से झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ के नक्सल नेटवर्क का प्रमुख रणनीतिकार माना जाता रहा है। उस पर हत्या, IED विस्फोट, सुरक्षा बलों पर हमले और आर्म्स एक्ट सहित 100 से अधिक मामले दर्ज बताए जाते हैं।
बस्तर से था गहरा कनेक्शन
सुरक्षा एजेंसियों का दावा है कि मिसिर बेसरा का बस्तर संभाग से भी गहरा संबंध रहा है। वह कथित तौर पर दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (DSZC) और पूर्वी क्षेत्रीय ब्यूरो (ERB) के बीच समन्वय का काम करता था। साथ ही बस्तर क्षेत्र में नक्सली कैडर के प्रशिक्षण, हथियार आपूर्ति और रणनीतिक योजनाओं में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका बताई जाती है।
कई बड़े हमलों का आरोपी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मिसिर बेसरा पर वर्ष 2003-04 में झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में हुए IED ब्लास्ट की साजिश रचने का भी आरोप है, जिसमें 55 सुरक्षाकर्मी शहीद हुए थे। इसके अलावा वर्ष 2009 में बिहार के लखीसराय कोर्ट परिसर पर हुए नक्सली हमले के दौरान पुलिस हिरासत से छुड़ाए जाने के बाद वह लंबे समय से फरार चल रहा था।

सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, सूचना मिली थी कि मिसिर बेसरा अपने साथियों के साथ नए ठिकाने की तलाश में निकला है। इसके बाद सर्च ऑपरेशन चलाकर उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं और उसके नेटवर्क तथा अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।










