रायगढ़ में ACB का बड़ा एक्शन: मुआवजा दिलाने के नाम पर 50 हजार की रिश्वत मांगने वाला बाबू गिरफ्तार

0

रायगढ़। CG DASTAK 

सर्पदंश से मृत महिला के परिजन से मुआवजा जारी कराने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप, हस्ताक्षरित चेक लेते रंगे हाथों दबोचा गया आरोपी।

खबर:

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कलेक्ट्रेट के राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा में पदस्थ एक बाबू को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर सर्पदंश से मृत महिला के परिजन को मुआवजा राशि जारी कराने के बदले 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार, पुसौर तहसील के ग्राम बुलाकी निवासी विजय सिदार की पत्नी रामकुमारी की वर्ष 2023 में सर्पदंश से मौत हो गई थी। शासन की ओर से मिलने वाली मुआवजा राशि के लिए विजय सिदार ने राजस्व विभाग में आवेदन किया था। यह प्रकरण रायगढ़ कलेक्ट्रेट में लंबित था।

मुआवजा जारी करने के बदले रिश्वत का आरोप

शिकायत के अनुसार, राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा में पदस्थ बाबू राजकुमार सिदार ने मुआवजा राशि बैंक खाते में जारी कराने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। आरोप है कि मुआवजा मिलने के बाद उक्त राशि देने का दबाव भी बनाया गया।

ACB ने बिछाया जाल, रंगे हाथों गिरफ्तार

पीड़ित की शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने पर मंगलवार को ट्रैप कार्रवाई की गई। इस दौरान ACB की टीम ने आरोपी बाबू को 50 हजार रुपये का हस्ताक्षरित चेक स्वीकार करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

ACB ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों के अनुसार, रिश्वत की रकम की गारंटी के रूप में हस्ताक्षरित चेक लेकर रिश्वत मांगने और उसी दौरान गिरफ्तारी का यह अपने तरह का पहला मामला माना जा रहा है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here