
सूरजपुर। CG DASTAK
मदननगर गांव में कार्रवाई के दौरान SDOP सहित दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी हुए थे घायल, पुलिस ने गंभीर धाराओं में दर्ज किया केस।

खबर:
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के मदननगर गांव में पुलिस टीम पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में 15 नामजद और 100 से 150 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब सभी आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, 24 जुलाई को प्रतापपुर थाना पुलिस एक मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने मदननगर गांव पहुंची थी। इसी दौरान ग्रामीणों की भीड़ ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर लाठी-डंडा, फरसा और टंगिया से हमला कर दिया।
इस हमले में SDOP समेत दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया था।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच करते हुए पुलिस पर जानलेवा हमला, बलवा, शासकीय कार्य में बाधा सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि नामजद आरोपियों के साथ-साथ अन्य संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले की जांच जारी है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।










