
रायपुर। CG DASTAK
आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद मरीज से लिए गए ₹90 हजार लौटाने के निर्देश, राज्य नोडल एजेंसी ने कार्रवाई करते हुए अस्पताल को किया सस्पेंड।

रायपुर। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) के तहत इलाज के बावजूद मरीज से अतिरिक्त राशि वसूलने के मामले में राज्य नोडल एजेंसी ने राजधानी रायपुर स्थित मित्तल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस पर बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने अस्पताल को तीन महीने के लिए आयुष्मान योजना से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, मरीज अल्बर्ट एक्का के परिजनों ने शिकायत की थी कि आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद अस्पताल ने इलाज के दौरान अतिरिक्त पैसे वसूले। शिकायत की जांच संभागीय संयुक्त संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं, रायपुर संभाग द्वारा की गई।
जांच में सामने आया कि अस्पताल ने दवाइयों के नाम पर ₹15,226 और सर्जरी के लिए ₹90,000 वसूले थे। जांच के बाद अस्पताल ने दवाइयों के लिए ली गई राशि ₹15,226 चेक के माध्यम से परिजनों को वापस कर दी, लेकिन सर्जरी के लिए लिए गए ₹90 हजार अब तक वापस नहीं किए गए।
इसी आधार पर राज्य नोडल एजेंसी ने अस्पताल को तीन माह के लिए आयुष्मान भारत योजना से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान अस्पताल योजना के तहत नए मरीज भर्ती नहीं कर सकेगा, हालांकि पहले से भर्ती मरीजों का उपचार पूरा कर उन्हें डिस्चार्ज किया जा सकेगा।
राज्य नोडल एजेंसी ने अस्पताल को मरीज के परिजनों को ₹90 हजार वापस करने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही अस्पताल परिसर से आयुष्मान योजना से जुड़े सभी प्रचार-प्रसार सामग्री हटाने और भविष्य में इस तरह की अनियमितता नहीं दोहराने की चेतावनी भी जारी की गई है।










