नेहरू पार्क में युवती की गला रेतकर हत्या, CCTV से आरोपी गिरफ्तार; प्रेम संबंध और शक बना हत्या की वजह: पुलिस

0

सूरजपुर। CG DASTAK 

सूरजपुर में पार्क बुलाकर किया हमला, गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर की गई युवती की इलाज के दौरान मौत; पुलिस का दावा- आरोपी हिरासत में।

सूरजपुर। जिले के नेहरू पार्क में एक युवती की गले पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, घायल युवती को पहले जिला अस्पताल और बाद में गंभीर हालत में अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेने का दावा किया है।

पुलिस के मुताबिक, मृतका राधिका राजवाड़े रविवार शाम करीब 8 बजे नेहरू पार्क पहुंची थी। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक वहां आया और कथित तौर पर उसके गले पर धारदार हथियार से हमला कर मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल युवती को अस्पताल पहुंचाया।

इलाज के दौरान तोड़ा दम

प्राथमिक उपचार के बाद युवती को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। गंभीर चोट के कारण वह बोलने की स्थिति में नहीं थी। पुलिस के अनुसार, युवती ने इशारे से कागज और पेन मंगवाकर कथित हमलावर का नाम लिखा। हालांकि इस संबंध में पुलिस की जांच जारी है। देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे देर रात हिरासत में ले लिया गया।

प्रेम संबंध और शक का एंगल

प्रारंभिक जांच में पुलिस का कहना है कि आरोपी और युवती के बीच पहले से प्रेम संबंध थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी को युवती के किसी अन्य युवक से संबंध होने का शक था। इसी सिलसिले में उसने कथित तौर पर युवती को फोन कर नेहरू पार्क बुलाया और हमला कर दिया। पुलिस ने यह भी बताया कि गिरफ्तारी के समय आरोपी नशे की हालत में था। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here