
रायपुर। CG DASTAK
700 करोड़ रुपये से अधिक का बिजली सरचार्ज होगा माफ, सत्य साईं ट्रस्ट प्रदेश में खोलेगा नए अस्पताल
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बेंगलुरु दौरे से वापस रायपुर लौट आए हैं। रायपुर पहुंचने पर उन्होंने अपने बेंगलुरु प्रवास और राज्य सरकार की मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना को लेकर जानकारी साझा की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वे सत्य साईं ट्रस्ट के सद्गुरु मधुसूदन साईं के 47वें जन्मोत्सव समारोह में शामिल होने बेंगलुरु गए थे। उन्होंने कहा कि सत्य साईं ट्रस्ट छत्तीसगढ़ में भी एक बड़ा अस्पताल संचालित कर रहा है, जहां 15 वर्ष तक के बच्चों के हृदय रोग का निःशुल्क इलाज किया जाता है। साथ ही ट्रस्ट द्वारा भविष्य में प्रदेश में और अस्पताल खोलने की योजना भी बनाई जा रही है।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि प्रदेश में लंबे समय से बिजली बिल बकाया रहने और कोरोना काल के दौरान कई उपभोक्ताओं के बिल लंबित होने की शिकायतें मिल रही थीं। ऐसे उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना शुरू की है।
उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं का बिजली बिल अधिक हो गया है, वे संबंधित बिजली कार्यालय में पंजीयन कराकर योजना का लाभ ले सकते हैं। अब तक 42 हजार से अधिक उपभोक्ता इस योजना का लाभ उठा चुके हैं और आने वाले समय में यह संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, योजना के तहत 700 करोड़ रुपये से अधिक का बिजली सरचार्ज माफ किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य आम जनता को बढ़े हुए बिजली बिल के बोझ से राहत देना और लंबित बिलों के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाना है।










