सूरजपुर में कोल माइंस भूमि अधिग्रहण का हिंसक विरोध, ग्रामीणों के पथराव में DSP समेत 24 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल

0

SECL की भूमि अधिग्रहण कार्रवाई के दौरान भड़का बवाल, कई सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त; 5 जिलों से बुलाया गया अतिरिक्त पुलिस बल।

सूरजपुर। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में कोल माइंस के लिए भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई के दौरान शुक्रवार सुबह बड़ा बवाल हो गया। SECL, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पर ग्रामीणों ने कथित तौर पर पथराव और हमला कर दिया। इस हिंसक घटना में डीएसपी समेत दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि कई सरकारी वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है।

जानकारी के अनुसार, SECL के मदननगर कोल माइंस परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई की जा रही थी। ग्रामीण लंबे समय से इस परियोजना का विरोध कर रहे हैं। शुक्रवार सुबह जब प्रशासनिक और पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तब बड़ी संख्या में ग्रामीण भी विरोध के लिए एकत्र हो गए।

बताया जा रहा है कि अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। इसके बाद स्थिति हिंसक हो गई और ग्रामीणों द्वारा पुलिस पर पथराव एवं लाठी-डंडों से हमला किए जाने का आरोप है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मी हमले से बचने के लिए पीछे हटते दिखाई दे रहे हैं।

DSP समेत कई जवान घायल

घटना में डीएसपी सहित 24 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है। वहीं, कई पुलिस और प्रशासनिक वाहनों को भी क्षति पहुंची है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

5 जिलों से बुलाया गया अतिरिक्त पुलिस बल

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। हालात को देखते हुए आसपास के पांच जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है और प्रशासन हालात को सामान्य करने में जुटा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here