
सेंट्रल एवेन्यू मार्ग पर तड़के हुआ हादसा, कार के उड़े परखच्चे; पुलिस को वाहन से शराब की बोतलें मिलीं।
दुर्ग। CG DASTAK

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सेंट्रल एवेन्यू मार्ग पर गुंडिचा मंडप के सामने पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवकों की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई।
मृतकों की पहचान दीपक गुप्ता और कौशिक दास के रूप में हुई है। दोनों भिलाई के सेक्टर-6 के निवासी बताए जा रहे हैं।
112 की टीम ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 और भिलाई नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला मोर्चरी भेज दिया गया है।
कार से मिली शराब की बोतलें

पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कार से शराब की बोतलें बरामद हुई हैं। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि हादसे के समय चालक ने शराब का सेवन किया था या नहीं। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच जारी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन न चलाएं तथा यातायात नियमों का पालन करें।










