
रायपुर। CG DASTAK
घायल जवानों से अस्पताल में मिले पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला, बेहतर इलाज के दिए निर्देश।
रायपुर में बुधवार को आयोजित एक रैली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात पुलिस बल पर कथित रूप से पत्थर और बोतलें फेंकी गईं। इस घटना में एक महिला आरक्षक सहित कुल 16 पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि दो जवानों को गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, रैली को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की थी। इसी दौरान कुछ लोगों द्वारा अचानक पत्थर और कांच की बोतलें फेंके जाने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला अस्पताल पहुंचे और भर्ती पुलिस जवानों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और सभी को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही जवानों का हौसला बढ़ाते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
घायल जवान कलेश्वर वर्मा ने बताया कि बैरिकेडिंग के दौरान भीड़ के बीच फंस जाने से उन्हें सांस लेने में परेशानी हुई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल लाया गया। वहीं प्रशिक्षु उप निरीक्षक (पीएसआई) देवराज सिंह के सिर पर बोतल लगने से गंभीर चोट आई है और उनका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, अन्य घायल आरक्षकों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इस दौरान पुलिस उपायुक्त (मध्य) तारकेश्वर पटेल, एसीपी नीलेश द्विवेदी, टीआई राजेश मरई सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी अस्पताल में मौजूद रहे।










