शेयर मार्केट में रकम दोगुनी करने का झांसा, पति-पत्नी ने ठगे 2 करोड़ से ज्यादा; दोनों गिरफ्तार

0

जांजगीर-चांपा। CG DASTAK 

चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नया रायपुर से दबोचे गए आरोपी; लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल और चेकबुक जब्त।

शेयर मार्केट में निवेश कर रकम दोगुनी करने का लालच देकर दो करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने वाले शातिर पति-पत्नी को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल फोन और बैंक चेकबुक सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं।

निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी

पुलिस के अनुसार, 24 मई को हेमदत्त केशरवानी ने थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि उसकी पहचान मारुति विहार कॉलोनी निवासी हरिशंकर गुप्ता और उसकी पत्नी रेखा गुप्ता से थी। दोनों ने शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने पर भारी मुनाफा और रकम दोगुनी होने का भरोसा दिलाकर निवेश के लिए प्रेरित किया।

दंपति की बातों पर भरोसा कर प्रार्थी सहित कई लोगों ने चेक और आरटीजीएस (RTGS) के माध्यम से 2,04,97,502 रुपये आरोपियों के बैंक खातों में जमा कर दिए। शुरुआत में भरोसा बनाए रखने के लिए आरोपियों ने 39,99,400 रुपये वापस किए, लेकिन शेष राशि लौटाने से इनकार कर दिया। शिकायत के अनुसार, इसके बाद आरोपियों ने पूरी रकम का गबन कर लिया।

तकनीकी जांच से नया रायपुर में गिरफ्तारी

मामला दर्ज होने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए और लगातार ठिकाने बदलते रहे। चांपा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर नया रायपुर में दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

जब्त सामग्री

💻 लैपटॉप

📱 मोबाइल फोन

📲 टैबलेट

🏦 बैंक चेकबुक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here