
जांजगीर-चांपा। CG DASTAK
अकलतरा की शराब दुकान में नकली नोट खपाने की कोशिश नाकाम, बैंक जांच में चारों नोट फर्जी पाए गए।

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में नकली नोट खपाने की कोशिश करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी देशी शराब दुकान में 500 रुपये का नकली नोट देकर शराब खरीदने की कोशिश कर रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सत्येन्द्र कुमार कुर्रे उर्फ सत्यम कुर्रे निवासी ग्राम दोमुहानी, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 500 रुपये के चार नोट बरामद किए गए।
बैंक जांच में खुली पोल
बरामद नोटों की तत्काल स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, अकलतरा शाखा में जांच कराई गई। जांच में चारों नोट नकली पाए गए। इतना ही नहीं, सभी नोटों का सीरियल नंबर भी एक ही मिला, जिससे नकली नोट होने की पुष्टि हुई।
रायपुर से लाने की बात कबूली
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ये नकली नोट रायपुर से लेकर आया था। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट उसे किसने दिए और इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 180 के तहत अपराध क्रमांक 423/2026 दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।










