संत रविदास जयंती और तिरंगा अभियान के जरिए गांव-गांव पहुंचेगी भाजपा, प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में बनी रणनीति

0

रायपुर। CG DASTAK 

भाजपा की बैठक में सामाजिक समरसता, राष्ट्रवाद और बस्तर विकास पर हुई चर्चा, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ ने आगामी महीनों में संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान को लेकर बड़ी रणनीति तैयार की है। मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश की मौजूदगी में प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आयोजित हुई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि संत रविदास की 650वीं जयंती को व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा। इसके तहत पार्टी गांव-गांव और पंचायत स्तर तक पहुंचकर संत रविदास के सामाजिक समरसता और समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएगी। कार्यक्रम की तैयारियां 23 जुलाई से प्रदेशभर में कार्यशालाओं और संगठनात्मक कार्यक्रमों के साथ शुरू होंगी।

भाजपा की एक टीम 27 जुलाई को वाराणसी जाकर निर्माणाधीन संत रविदास स्मारक से मिट्टी और जल लेकर आएगी। इसके बाद प्रदेश के विभिन्न मंदिरों और पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इसके साथ ही अगस्त माह में वंदेमातरम और तिरंगा महाअभियान के जरिए राष्ट्रवाद आधारित जनसंपर्क अभियान चलाने का भी फैसला किया गया। बैठक में इन अभियानों की तैयारियों की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान भाजपा कोर कमेटी ने बस्तर के विकास और जनकल्याण के मुद्दों पर भी चर्चा की। नेताओं ने कहा कि सुरक्षा मोर्चे पर मिली सफलता को अब विकास और कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से आगे बढ़ाने की जरूरत है। साथ ही यह भी कहा गया कि आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे लोगों के पुनर्वास और स्थानीय समस्याओं के त्वरित समाधान पर प्राथमिकता से कार्य किया जाए।

बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, मंत्री ओपी चौधरी, केदार कश्यप, सरोज पांडेय, पवन साय, अजय जमवाल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here