
कोरबा। CG DASTAK
20.169 घन मीटर बेशकीमती साल लकड़ी और क्रेन जब्त, कुख्यात तस्कर सुनील गुप्ता गिरफ्तार; बड़े नेटवर्क की जांच जार
कोरबा। महज सात पेड़ों की कटाई की शिकायत से शुरू हुई जांच ने प्रदेश स्तर पर फैले एक बड़े लकड़ी तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में करीब 9 लाख रुपये मूल्य की 20.169 घन मीटर बेशकीमती इमारती लकड़ी और परिवहन में इस्तेमाल की गई क्रेन मशीन जब्त की गई है।
जानकारी के मुताबिक, सीएसईबी रामपुर स्थित जूनियर क्लब के पास राजस्व भूमि में अनुमति के तहत वृक्ष कटाई का कार्य चल रहा था। निरीक्षण के दौरान सात वृक्षों से प्राप्त इमारती लकड़ी के अनधिकृत परिवहन की जानकारी सामने आई, जिसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में प्रशिक्षु डीएसपी एवं थाना प्रभारी आस्था शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
तकनीकी जांच में खुला बड़ा राज
तकनीकी साक्ष्यों, दस्तावेजों और लगातार की गई पतासाजी में यह खुलासा हुआ कि चोरी की लकड़ी को कोरबा से रायपुर-अभनपुर क्षेत्र तक पहुंचाया गया था। इसके बाद प्रदेश स्तरीय संयुक्त जांच दल ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध लकड़ी बरामद की।
आरोपी गिरफ्तार, कई और लोगों पर शिकंजा संभव
मामले में आरोपी सुनील कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 316(5) एवं 317(2) के तहत अपराध दर्ज किया है।
सूत्रों के अनुसार, जांच अभी जारी है और इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।










