
बालोद CG DASTAK
बालोद के गुंडरदेही क्षेत्र का मामला, बदला लेने की नीयत से वीडियो पोस्ट करने का आरोप; आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में ब्रेकअप के बाद युवती का आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, गुंडरदेही थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती का आरोपी नारायण देशमुख (20 वर्ष) से पहले प्रेम संबंध था। आरोप है कि दोस्ती के दौरान व्हाट्सएप वीडियो कॉल के जरिए युवती का आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड कर लिया गया था।
पुलिस के अनुसार, ब्रेकअप के बाद आरोपी ने बदला लेने की नीयत से 9 जुलाई को उक्त वीडियो को इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर वायरल कर दिया। घटना की जानकारी युवती को उसकी सहेलियों के माध्यम से मिली।
इसके बाद पीड़िता के परिजनों ने गुंडरदेही थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गुंडरदेही थाना प्रभारी नवीन बोरकर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(ई), 66(घ), 67 और 67(ए) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग न करें और किसी की निजी तस्वीर या वीडियो बिना अनुमति साझा करना गंभीर अपराध है।










