
सरगुजा। CG DASTAK
लुंड्रा के ग्राम नागम में दर्दनाक हादसा, हल्की बारिश के दौरान गिरी बिजली; गांव में पसरा मातम

सरगुजा। जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नागम में शुक्रवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हल्की बारिश के दौरान पेड़ के नीचे बैठे चार बच्चे बिजली की चपेट में आ गए। इस दर्दनाक घटना में दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो सगे भाई घायल हो गए। दोनों का अस्पताल में उपचार जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 5 बजे गांव में हल्की बारिश शुरू हुई थी। इसी दौरान चार बच्चे एक पेड़ के नीचे बैठे हुए थे। तभी अचानक तेज गर्जना और चमक के साथ पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे चारों बच्चे इसकी चपेट में आ गए।

हादसे में रंजीत नगेशिया (12 वर्ष) और रोशन नगेशिया (12 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं प्रभु राम (11 वर्ष) और उसके सगे भाई दिनेश (13 वर्ष) गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बच्चे पहले से ही पेड़ के नीचे बैठे थे और बारिश शुरू होने के बाद भी वहीं रुके रहे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।
मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को भी सरगुजा जिले के कई इलाकों में बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े न होने, खुले मैदानों से दूर रहने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है।
प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।










