
बिलासपुर। CG DASTAK
चकरभाठा में महिला के बैग से मंगलसूत्र, ईयर रिंग और चोकर माला गायब, ऑटो चालक पर चोरी का आरोप

बिलासपुर। जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र में ऑटो रिक्शा में रखे बैग से सोने के जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी ऑटो चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम बुंदेला निवासी भगवती कौशिक (29 वर्ष) ने शिकायत में बताया कि 15 जुलाई को वह अपनी बड़ी बहन और बुआ के साथ ऑटो से अमेरी जा रही थीं। इस दौरान चकरभाठा स्थित ओम साईराम ज्वेलर्स के सामने ऑटो चालक गेदराम निराला के कहने पर उन्होंने अपना बैग ऑटो में ही छोड़ दिया और कृष्णा सोसायटी में सामान खरीदने चली गईं।
करीब डेढ़ घंटे बाद तीनों वापस लौटीं और उसी ऑटो से अमेरी पहुंच गईं। अगले दिन जब भगवती ने बैग की जांच की, तो उसमें रखा करीब 15 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र, सोने के ईयर रिंग और सोने का चोकर माला गायब मिला।

पीड़िता का आरोप है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर ऑटो चालक उनकी गैरमौजूदगी में बैग से जेवर निकालते हुए दिखाई दिया। इसके बाद जब उन्होंने आरोपी चालक से पूछताछ की, तो उसने पहले टालमटोल किया, लेकिन बाद में जेवर वापस करने का आश्वासन दिया।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी ने गांव के सरपंच प्रतिनिधि के सामने कथित तौर पर चोरी की बात स्वीकार करते हुए जेवर के बदले नकद राशि या अन्य गहने देने की पेशकश की थी। इसके बाद वह बैंक से पैसे निकालने का बहाना बनाकर पीड़िता को अपने एक रिश्तेदार के घर ले गया, जहां से वह कथित तौर पर छत के रास्ते फरार हो गया।
फिलहाल चकरभाठा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।










