रायपुर में एक ही परिवार के 5 लोगों की संदिग्ध मौत, घर से मिले पति-पत्नी और तीन बच्चों के शव

0

रायपुर। CG DASTAK 

टिकरापारा के संजय नगर में सनसनी, जहर सेवन की आशंका; पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

रायपुर।राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संजय नगर इलाके में शुक्रवार देर रात एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

मृतकों की पहचान साजिद अली, उनकी पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बेटे की उम्र 19 वर्ष, जबकि दोनों बेटियों की उम्र 16 और 17 वर्ष बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि यह परिवार करीब आठ महीने पहले ही इस मकान में रहने आया था

पुलिस को शुरुआती जांच में जहर सेवन से मौत होने की आशंका है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा।

शाम से बंद था घर का दरवाजा

पड़ोसियों के मुताबिक, शुक्रवार शाम से घर का दरवाजा बंद था और अंदर से कोई हलचल नहीं हो रही थी। काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर के अंदर प्रवेश किया, जहां परिवार के पांचों सदस्यों के शव बरामद किए गए।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं, जिनमें सामूहिक आत्महत्या, पारिवारिक विवाद या अन्य कारण शामिल हैं, को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सच्चाई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर ही सामने आएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here