
बेमेतरा। CG DASTAK
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, ड्रोन, डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक जांच से खुला सनसनीखेज मामला

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। 50 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में पुलिस जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने महिला की हत्या करने के बाद शव के साथ दुष्कर्म किया और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव के हाथ-पैर काटकर अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया।
पुलिस के मुताबिक, घटना 6 जुलाई की रात की है। आरोपी रामप्रसाद सोनवानी कथित तौर पर रात करीब 10 बजे महिला दुकलिहिन बाई के घर पहुंचा। उस समय महिला घर में अकेली थी। आरोप है कि आरोपी ने महिला के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया, जिसका विरोध करने पर उसने फावड़े के बेंट से महिला के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
in
जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि हत्या के बाद आरोपी ने शव के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने कथित तौर पर घर में रखी आरी से शव के हाथ और पैर काट दिए। शव के अंगों को अलग-अलग गठरियों में बांधकर अपनी झोपड़ी में रखा और अगले दिन शिवनाथ नदी के पास फेंक दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मृतका के घर से 2,500 रुपये भी ले गया था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने 2,000 रुपये खर्च कर दिए, जबकि शेष 500 रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए हैं।
ऐसे हुआ मामले का खुलासा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच में ड्रोन कैमरा, नाव, सर्च लाइट, डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम की मदद ली। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस का शक गांव के ही रामप्रसाद सोनवानी पर गया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने कथित तौर पर पूरी घटना स्वीकार कर ली।
पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी वर्ष 2017 में भी एक महिला हत्या मामले में जेल जा चुका है और उसके खिलाफ पहले भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त आरी, फावड़ा एवं अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। मामले में पहले भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238 के तहत अपराध दर्ज किया गया था। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर अन्य संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
आरोपी को 17 जुलाई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।










