
रायपुर CG DASTAK
रायपुर के परीक्षा केंद्र में CBT एग्जाम के दौरान मोबाइल से खींच रहा था सवालों की फोटो, पुलिस ने किया गिरफ्तार
:रायपुर। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की परीक्षा में नकल का एक बड़ा मामला सामने आया है। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए कार्रवाई करते हुए एक अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया है, जो परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन छिपाकर प्रश्नों की तस्वीरें ले रहा था।
जानकारी के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को थाना डी.डी. नगर क्षेत्र स्थित आईडीजेड सरोना परीक्षा केंद्र में रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की कम्प्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) की दूसरी पाली आयोजित की गई थी। परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक को एक अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उस पर विशेष निगरानी रखी गई।
सीसीटीवी फुटेज और जांच में पता चला कि अभ्यर्थी परीक्षा कक्ष में छिपाकर लाया गया मोबाइल फोन इस्तेमाल कर रहा था और कंप्यूटर स्क्रीन पर प्रदर्शित प्रश्नों की तस्वीरें खींच रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने डबल अंडरगारमेंट पहनकर उसके भीतर मोबाइल फोन छिपाकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश किया था। बरामद मोबाइल की जांच में परीक्षा के दौरान पूछे गए प्रश्नों की तस्वीरें भी मिलीं, जो परीक्षा में प्रदर्शित प्रश्नों से मेल खाती पाई गईं।
मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 432/2026 दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी अफताब पिता गुलाम मोहम्मद (28 वर्ष), निवासी संतरेजीपुरा, इतवारी, नागपुर (महाराष्ट्र) को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी से जब्त सामग्री:
एक सैमसंग मोबाइल फोन
आधार कार्ड
संबंधित परीक्षा का प्रवेश पत्र
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2) तथा लोक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 की धारा 10(1) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।










