कवर्धा में दिनदहाड़े व्यापारी का कथित अपहरण, दुकान में घुसकर मारपीट; CCTV में कैद हुई वारदात

0

कवर्धा CG DASTAK 

पैसों के विवाद में बदमाशों ने व्यापारी को जबरन कार में बैठाया, फार्महाउस ले जाकर की मारपीट; 5 आरोपी हिरासत में

कवर्धा। शहर के पुराने बस स्टैंड स्थित एक दुकान में दिनदहाड़े घुसकर व्यापारी के साथ मारपीट और कथित अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने व्यापारी चंद्रशेखर चंद्रवंशी के साथ दुकान में मारपीट की और उन्हें जबरन कार में बैठाकर ग्राम सैगोना स्थित एक फार्महाउस ले गए। आरोप है कि वहां भी उनके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस सक्रिय हुई और तत्काल कार्रवाई करते हुए सैगोना स्थित फार्महाउस पहुंची। पुलिस ने व्यापारी को आरोपियों के चंगुल से सकुशल मुक्त कराया और थाने लाकर मामले की जांच शुरू की।

पैसों के लेन-देन को लेकर था विवाद

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विष्णु चंद्रवंशी और शशिकांत चंद्रवंशी के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते विष्णु चंद्रवंशी अपने साथियों के साथ दुकान पहुंचा और कथित रूप से शशिकांत चंद्रवंशी के बड़े भाई चंद्रशेखर चंद्रवंशी के साथ मारपीट कर उनका अपहरण कर लिया।

पांच आरोपी पुलिस हिरासत में

मामले में पुलिस ने विष्णु चंद्रवंशी सहित पांच आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है।

घटना के बाद व्यापारियों में भी आक्रोश का माहौल है। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here