महतारी वंदन योजना बनी महिलाओं के लिए संबल, नारायणपुर की भुनेश्वरी बघेल के जीवन में आया बड़ा बदलाव

0

नारायणपुर CG DASTAK 

हर महीने मिलने वाली सहायता राशि से बच्चों की पढ़ाई, घर का खर्च और बेटी के भविष्य को मिल रही मजबूती

नारायणपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना प्रदेश की लाखों महिलाओं के लिए आर्थिक संबल बनकर उभरी है। महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन, स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार के उद्देश्य से शुरू की गई इस योजना के तहत पात्र विवाहित, विधवा और परित्यक्ता महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है।

नारायणपुर जिले के ग्राम बेनूर निवासी श्रीमती भुनेश्वरी बघेल भी इस योजना की लाभार्थी हैं। गृहणी होने के साथ-साथ वह घर में एक छोटी किराना दुकान संचालित करती हैं। उन्होंने बताया कि पहले बच्चों की शिक्षा और घर का खर्च चलाना काफी मुश्किल था, लेकिन महतारी वंदन योजना ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

भुनेश्वरी बघेल ने कहा कि हर महीने उनके खाते में मिलने वाली राशि का उपयोग बच्चों की कॉपी-किताबें, स्कूल ड्रेस, घरेलू आवश्यकताओं और किराना दुकान के लिए सामान खरीदने में किया जा रहा है। इसके अलावा उन्होंने अपनी बेटी के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सुकन्या समृद्धि योजना में खाता खुलवाकर नियमित बचत भी शुरू कर दी है।

उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है, जिसने आर्थिक संघर्षों को काफी हद तक कम किया है।

70 लाख से अधिक महिलाएं हो रहीं लाभान्वित

महतारी वंदन योजना के तहत पूरे प्रदेश में 70 लाख से अधिक महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं। वहीं, नारायणपुर जिले में हर महीने 27 हजार से अधिक महिलाओं के खातों में करीब 2 करोड़ 50 लाख 52 हजार रुपये की राशि हस्तांतरित की जा रही है।

जिले में अब तक महिलाओं के खातों में कुल 65 करोड़ 39 लाख 48 हजार 250 रुपये की सहायता राशि अंतरित की जा चुकी है।

यह योजना प्रदेश की उन महिलाओं के जीवन में नया आत्मविश्वास और आर्थिक मजबूती लेकर आई है, जो पहले सामाजिक और आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रही थीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here