
रायपुर। श्री शांति कल्याण जैन संघ, आम्रपाली रायपुर के तत्वावधान में आगामी चातुर्मास को लेकर भक्तों में उत्साह का माहौल है। सोमवार, 13 जुलाई 2026 को पूज्य मुनीराज शांततिलक विजय जी आदि ठाणा 8 साधु भगवंत का देवरी से विहार करते हुए बाघ नदी के माध्यम से छत्तीसगढ़ की पुण्यभूमि में मंगल प्रवेश हुआ।

छत्तीसगढ़ प्रवेश के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समाजजन उपस्थित रहे। इस दौरान नवकार जाप ग्रुप, रायपुर द्वारा विहार सेवा का लाभ लिया गया और श्रद्धाभाव के साथ साधु भगवंतों की अगवानी की गई।

छत्तीसगढ़ की धरती पर पदार्पण के पश्चात पूज्य मुनिश्री ने उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं को मंगलपाठ का श्रवण करवाया तथा सभी के आध्यात्मिक एवं मंगलमय जीवन की कामना की। समाजजनों ने अक्षत एवं श्रीफल अर्पित कर मुनिश्री का भावपूर्ण स्वागत एवं पदप्रक्षालन किया।
मुनिश्री ने अपने आशीर्वचन में कहा कि छत्तीसगढ़ की यह पुण्यभूमि धर्म, साधना और आध्यात्मिक उन्नति के लिए सदैव समृद्ध रही है तथा यहां का आगामी वर्षावास एवं चातुर्मास धर्मप्रभावना का माध्यम बने, ऐसी मंगलकामना व्यक्त की।
उल्लेखनीय है कि प.पू. सा. श्री ज्ञानदर्शीताश्रीजी म.सा. आदि ठाणा 9 का भी रायपुर की ओर विहार गतिमान है। आगामी चातुर्मास श्री शांति कल्याण जैन संघ, आम्रपाली रायपुर में आयोजित होना है, जिसे लेकर समाज में विशेष उत्साह और तैयारियां प्रारंभ हो चुकी हैं।
प्रवेश अवसर पर रायपुर से आशीष जैन, अनिल बरडिया, वीरेंद्र डागा, निकुंज साचला, सोनल बरडिया, मुन्ना जैन, सेजल जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और धर्मलाभ प्राप्त किया।










