
रायपुर। CG DASTAK
राजधानी रायपुर के बूढ़ापारा स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा में रविवार को अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। बैंक परिसर से काले धुएं का गुबार उठता देख आसपास के लोग मौके पर जुट गए और तत्काल इसकी सूचना पुलिस एवं फायर ब्रिगेड को दी गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा लिया गया।
दस्तावेज और रिकॉर्ड सुरक्षित निकालने की कोशिश
आग बुझाने के साथ ही बैंक के महत्वपूर्ण दस्तावेज, रिकॉर्ड और अन्य जरूरी सामान को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया गया। एहतियात के तौर पर पुलिस ने बैंक परिसर के आसपास लोगों की आवाजाही रोक दी, ताकि राहत कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ा नुकसान टल गया।










