
गरियाबंद। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में वन विभाग के एक अधिकारी पर यात्री बस चालक के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि कार को साइड नहीं मिलने से नाराज अधिकारी ने बीच सड़क पर बस को रोक दिया और चालक से गाली-गलौज की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला इंदागांव थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 11 बजे शारदा ट्रेवल्स की एक यात्री बस रायपुर से यात्रियों को लेकर देवभोग की ओर जा रही थी। इसी दौरान गरियाबंद-देवभोग नेशनल हाईवे-130C पर कालिमाटी के पास उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व के इंदागांव परिक्षेत्र के रेंजर सुशील सागर ने बस को रोक दिया।
साइड नहीं देने पर हुआ विवाद
आरोप है कि वन अधिकारी ने बस चालक पर वाहन को साइड नहीं देने का आरोप लगाया और अपनी गाड़ी बस के सामने खड़ी कर दी। इसके बाद बस चालक और अधिकारी के बीच तीखी बहस हुई। इस दौरान अधिकारी के साथ मौजूद कर्मचारी भी चालक से बहस करते नजर आए।
विवाद के कारण यात्री बस करीब आधे घंटे तक सड़क पर खड़ी रही, जिससे बस में सवार यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
चालक ने बताई अपनी मजबूरी
बस चालक यशवंत बंजारे का कहना है कि अभ्यारण्य क्षेत्र में हाईवे सिंगल लेन का है और लगातार बारिश के कारण सड़क कई जगह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। ऐसे में सुरक्षित स्थान मिलने पर ही बड़े वाहनों को साइड देना संभव होता है।
चालक ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए जोखिम नहीं उठाया जा सकता था। घटना के बाद उसने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस सहायता मांगी और इंदागांव थाने में वन अधिकारी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। इंदागांव थाना प्रभारी डोमेंद सिन्हा ने बताया कि बस चालक की शिकायत प्राप्त हुई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने भी इस मामले में निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।










