भिलाई में 20 वर्षीय युवती की चाकू मारकर हत्या, PG के कमरे में मिली खून से लथपथ लाश

0
36

दुर्ग/भिलाई। CG DASTAK 

भिलाई शहर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रामनगर स्थित एक पेइंग गेस्ट (PG) में रहकर पढ़ाई कर रही 20 वर्षीय युवती की अज्ञात आरोपी ने चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

मृतका की पहचान बेमेतरा जिले की रहने वाली खुशी साहू के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, खुशी अपनी एक सहेली के साथ रामनगर स्थित पीजी में रहकर पढ़ाई कर रही थी। वह अपने खर्चों को पूरा करने के लिए वैशाली नगर स्थित एक कैफे में भी काम करती थी।

बताया जा रहा है कि घटना के समय खुशी की सहेली नहाने के लिए वॉशरूम गई हुई थी। इसी दौरान अज्ञात हमलावर कमरे में घुसा और खुशी पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

जब सहेली वापस कमरे में पहुंची तो खुशी को खून से लथपथ हालत में बिस्तर पर पड़ा देख उसके होश उड़ गए। इसके बाद मकान मालिक और आसपास के लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान और वारदात के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here