60 ग्राम सोना चोरी का आरोपी गिरफ्तार: 7 महीने से राजस्थान में छिपा था, जोधपुर से दबोचा; 40 ग्राम कच्चा सोना बरामद

0

रायपुर। CG DASTAK 

राजधानी रायपुर में ज्वेलरी दुकान से 60 ग्राम कच्चा सोना चोरी करने के मामले में गोलबाजार पुलिस ने फरार आरोपी को करीब 7 महीने बाद राजस्थान के जोधपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 40 ग्राम कच्चा सोना और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। चोरी हुए बाकी 20 ग्राम सोने और मामले में अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

जनवरी में हुई थी चोरी

पुलिस के मुताबिक मामला गोलबाजार थाना क्षेत्र के नयापारा शंकर चौक स्थित एलजी डाय कटिंग की दुकान का है। दुकान संचालक नंदकिशोर सोनी ने 11 जनवरी 2026 को आभूषण बनाने के लिए कारीगर राजू डोलाई को 60 ग्राम कच्चा सोना दिया था। इसकी कीमत करीब 7.80 लाख रुपये बताई गई।
राजू ने सोना दुकान की कारीगर अलमारी में रख दिया था। इसके बाद वह अचानक काम पर आना बंद हो गया। उसके निवास पर पता करने पर भी वह नहीं मिला।

अलमारी से गायब मिला 60 ग्राम सोना

15 जनवरी को दुकान की अलमारी चेक करने पर उसमें रखा 60 ग्राम सोना गायब मिला। इसके बाद नंदकिशोर सोनी ने गोलबाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के राजस्थान के जोधपुर में होने की जानकारी मिली। इसके बाद गोलबाजार पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने जोधपुर पहुंचकर निगरानी की और आरोपी राजू डोलाई को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के पास से 40 ग्राम सोना बरामद

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। उसके कब्जे से 40 ग्राम कच्चा सोना और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस अब चोरी हुए बाकी 20 ग्राम सोने के संबंध में जांच कर रही है।

आगे की जांच जारी

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि चोरी की घटना में आरोपी के साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। साथ ही बरामदगी और लेन-देन से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here