
रायपुर CG DASTAK
कोण्डागांव की सोनम कौशिक को ऑनलाइन आवेदन के बाद समय पर मिले प्रमाण पत्र, शासन की डिजिटल पहल की सराहना

रायपुर, 17 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा नागरिकों को शासकीय सेवाएं सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किया गया ‘सेवा सेतु पोर्टल’ आम जनता के लिए एक प्रभावी माध्यम बनकर उभर रहा है। इस डिजिटल पहल से लोगों को अब विभिन्न प्रमाण पत्रों और सरकारी सेवाओं के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।
इस योजना का लाभ विकासखंड कोण्डागांव के आड़का, छेपरा पारा निवासी श्रीमती सोनम कौशिक को भी मिला। उन्होंने अपने बच्चे के जाति प्रमाण पत्र और आय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए स्थानीय कंप्यूटर सेंटर के माध्यम से सेवा सेतु पोर्टल पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन किया।
ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें निर्धारित समय-सीमा में दोनों प्रमाण पत्र आसानी से प्राप्त हो गए। श्रीमती सोनम कौशिक ने बताया कि पहले ऐसे प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कई बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती थी। लेकिन सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से पूरी प्रक्रिया काफी सरल, सुविधाजनक और पारदर्शी हो गई है।
उन्होंने कहा कि अब ऑनलाइन आवेदन के जरिए समय पर प्रमाण पत्र प्राप्त हो रहे हैं, जिससे लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। साथ ही समय और खर्च दोनों की बचत हो रही है।
उल्लेखनीय है कि सेवा सेतु पोर्टल का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से विभिन्न शासकीय सेवाएं समयबद्ध और सुगम तरीके से उपलब्ध कराना है। यह पहल प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने के साथ-साथ सुशासन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।
वर्तमान में जिले के अनेक नागरिक अपने घर के नजदीक स्थित ऑनलाइन सेवा केंद्रों के माध्यम से विभिन्न प्रमाण पत्रों और अन्य शासकीय सेवाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर रहे हैं, जिससे शासन के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत हो रहा है।










