सेंट्रल जेल रायपुर में विचाराधीन कैदी की संदिग्ध मौत, परिजनों का आरोप – प्रताड़ना से तंग आकर दी जान

0
85

रायपुर | CG DASTAK

सेंट्रल जेल रायपुर में एक विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पॉक्सो एक्ट के तहत जेल में बंद सुनील महानंद ने कथित तौर पर बैरक नंबर 5 में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना रविवार शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। मामला गंज थाना क्षेत्र का है।

परिजनों का जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप

घटना के बाद मृतक के परिजनों ने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं और न्याय की मांग को लेकर सेंट्रल जेल के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। परिजनों का कहना है कि सुनील को जेल में लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दी जा रही थी, जिससे तंग आकर उसने यह कदम उठाया।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि

  • बिना सूचना दिए शव को चोरी-छिपे मर्चुरी भेज दिया गया,
  • मौत की जानकारी उन्हें देर रात दी गई।

फर्जी मामले में फंसाने का आरोप

धरना प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ उत्कल गाड़ा समाज के लोग भी शामिल हुए। समाज और परिजनों का आरोप है कि सुनील महानंद को फर्जी मामले में फंसाया गया था। साथ ही जेल में बुनियादी सुविधाओं के अभाव की भी बात कही गई है।

मृतक की पत्नी ने बताया कि दो दिन पहले ही जेल में मुलाकात हुई थी, जहां सुनील ने जेल में हो रही प्रताड़ना की जानकारी दी थी। वहीं मृतक की मौसी ने भी बताया कि मुलाकात के दौरान सुनील काफी उदास और मानसिक रूप से परेशान नजर आ रहा था।

उच्चस्तरीय जांच की मांग

परिजनों और समाज के लोगों का कहना है कि सुनील महानंद खुद से फांसी नहीं लगा सकता, उसके साथ कुछ गलत हुआ है। प्रदर्शनकारियों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

इसके साथ ही परिजनों ने मांग की है कि मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी दी जाए, और परिवार को न्याय मिले।

फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here