
सूरजपुर। CG DASTAK
नशा मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से सूरजपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘नवजीवन अभियान’ के तहत जिले में अब तक का सबसे बड़ा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। 7 जुलाई 2026 को जिले के 509 गांवों, पंचायत भवनों, स्कूल-कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर एक साथ शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 69 हजार 218 लोगों ने नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिय

इस अभियान में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, अधिवक्ताओं, महिलाओं, युवाओं और सामाजिक संगठनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में कलेक्टर रेना जमील और डीआईजी व एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने छात्र-छात्राओं और नागरिकों को “नशे को ना, जिंदगी को हां” की शपथ दिलाई।

कलेक्टर रेना जमील ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और सामाजिक जीवन को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों में लगाएं तथा समाज में नशा विरोधी जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

डीआईजी व एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने कहा कि यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता और आत्म-संकल्प विकसित करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार को प्रभावित करता है। लोगों से अपील की गई कि वे नशा बेचने वालों की सूचना स्थानीय पुलिस या डायल-112 पर दें।

उन्होंने बताया कि यदि इस अभियान के माध्यम से कुछ लोगों को भी नशे की लत से बचाया जा सका, तो यह प्रयास सार्थक सिद्ध होगा। पुलिस प्रशासन ने सभी नागरिकों, अभिभावकों और शिक्षकों से नशा मुक्त समाज निर्माण में सहयोग की अपील की।
प्रतापपुर थाना रहा प्रथम

नशा मुक्ति शपथ कार्यक्रम के आयोजन में थाना प्रतापपुर ने 59 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं थाना झिलमिली ने 58 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर दूसरा तथा थाना भटगांव ने 48 स्थानों पर कार्यक्रम कराकर तीसरा स्थान हासिल किया।
आगे भी जारी रहेगा ‘नवजीवन अभियान’
सूरजपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा उन्मूलन के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विद्यालयों, महाविद्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित रूप से जनसंवाद, पुलिस जन चौपाल, रैली, चलित थाना और शपथ समारोह आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को इस मुहिम से जोड़ा जाएगा।
अधिवक्ताओं ने भी लिया संकल्प
जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष बलराम शर्मा सहित कई अधिवक्ताओं ने भी नशे से दूरी बनाए रखने की शपथ ली और पुलिस के इस जनहित अभियान में हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।










