

सरायपाली। स्थानीय के.जी. कॉन्वेंट विद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और रचनात्मक कौशल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘बिना ईंधन भोजन निर्माण’ (फायरलेस फूड मेकिंग) प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य के निर्देशानुसार सांस्कृतिक गतिविधियों के अंतर्गत संपन्न हुआ।
प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ हिस्सा लिया। बच्चों ने बिना किसी ईंधन या आग के प्रयोग के अपनी रचनात्मक सोच और पाक-कला (Cooking Skills) का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट, आकर्षक और पौष्टिक व्यंजन तैयार किए।
तैयार किए गए व्यंजनों का मूल्यांकन निर्णायक दल द्वारा उनकी गुणवत्ता, पौष्टिकता, स्वाद और प्रस्तुति (सजावट) के आधार पर किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी प्रतिभागियों को विद्यालय प्रबंधन द्वारा पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।








