सरगुजा में बेटे ने की पिता की हत्या, इंटरकास्ट मैरिज को लेकर था विवाद; सूरजपुर से आरोपी गिरफ्तार

0

CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में पारिवारिक विवाद के दौरान एक बेटे पर अपने 70 वर्षीय पिता की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद फरार हुए आरोपी को पुलिस ने सूरजपुर जिले के जयनगर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में पिता की हत्या करना स्वीकार किया है। मामले में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।

पारिवारिक विवाद के बाद हुई वारदात

मिली जानकारी के अनुसार, उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पूटा निवासी मनीनाथ मझवार (70) का शुक्रवार शाम करीब 4 बजे अपने बेटे परवल राम (48) के साथ पारिवारिक कारणों को लेकर विवाद हुआ था। बताया गया है कि विवाद के दौरान पिता ने बेटे को गालियां दीं, जिसके बाद गुस्साए बेटे ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की।

मारपीट में मनीनाथ मझवार को अंदरूनी चोटें आईं, जिससे उनकी मौत हो गई।

पत्नी ने घर के बाहर देखा शव

बताया गया है कि मनीनाथ मझवार की पत्नी देर शाम घर लौटीं तो उन्होंने पति का शव घर के बाहर देखा। इसके बाद उन्होंने गांव के सरपंच को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर उदयपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मौजूदगी में शव का पंचनामा तैयार कराया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सूरजपुर के जयनगर से आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस टीम ने उसे सूरजपुर जिले के जयनगर से हिरासत में लिया। थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपने पिता की हत्या करना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया। इसके बाद उसे जेल भेज दिया गया।

इंटरकास्ट मैरिज को लेकर भी था विवाद

पुलिस की पूछताछ में यह बात सामने आई कि परवल राम ने इंटरकास्ट मैरिज की थी। इसी बात को लेकर पिता और बेटे के बीच कई वर्षों से विवाद चल रहा था। हालांकि, घटना वाले दिन हुए विवाद की पूरी परिस्थितियों की पुष्टि जांच के आधार पर ही होगी।

CG Dastak | छत्तीसगढ़ की खबरें

🌐 https://www.cgdastak.com

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here