
सक्ती जिले के मालखरौदा ब्लॉक के किरारी शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल का मामला, छुट्टी के बाद स्कूल परिसर में पार्टी करने का वीडियो वायरल होने पर शिक्षा विभाग ने लिया संज्ञान

सक्ती। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से सरकारी स्कूल की व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। मालखरौदा ब्लॉक के किरारी शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में कुछ शिक्षकों और एक स्वीपर द्वारा कथित तौर पर शराब और चिकन पार्टी किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्कूल परिसर में पार्टी का वीडियो वायरल
बताया जा रहा है कि स्कूल की छुट्टी के बाद कुछ शिक्षक और स्वीपर स्कूल परिसर में मौजूद थे। इसी दौरान वहां शराब और नॉनवेज के साथ पार्टी किए जाने का वीडियो ग्रामीणों ने बना लिया। वीडियो में टेबल पर शराब की बोतलें और प्लेट में नॉनवेज खाना दिखाई दे रहा है।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। ग्रामीणों का दावा है कि स्कूल परिसर में इस तरह की पार्टी पहले भी की जा चुकी है।
5 शिक्षकों और स्वीपर को कारण बताओ नोटिस
मामला सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी कुमुदिनी द्विवेदी ने वीडियो में नजर आ रहे पांच शिक्षकों और एक स्वीपर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
नोटिस पाने वालों में नरेंद्र कुमार लहरे (लेक्चरर), राजू कुमार साहू (लेक्चरर), राजेश धीरी (लेक्चरर), दिनेश चक्रधारी (लेक्चरर) और रात्रे (स्वीपर) शामिल हैं। सभी संबंधित कर्मचारियों से तीन दिन के भीतर जवाब मांगा गया है।
जवाब मिलने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
शिक्षा विभाग की ओर से संबंधित कर्मचारियों से पूरे मामले में उनका पक्ष मांगा गया है। DEO कुमुदिनी द्विवेदी के मुताबिक, कर्मचारियों से जवाब मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम और संबंधित कर्मचारियों की भूमिका को लेकर विभागीय जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।










