
एकलव्य आवासीय विद्यालय की घटना, छात्र के परिजनों ने प्रिंसिपल को निलंबित कर FIR दर्ज करने की मांग की; पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

सक्ती। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले स्थित पलाड़ी कला एकलव्य आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में गुरुवार सुबह 9वीं कक्षा के छात्र ने टॉयलेट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 15 वर्षीय ओमेश कुमार कंवर के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने स्कूल प्रिंसिपल पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए उन्हें तत्काल निलंबित करने और आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, सुबह छात्रों ने ओमेश को टॉयलेट में फंदे से लटका देखा और स्कूल प्रबंधन को सूचना दी। प्रिंसिपल व स्टाफ छात्र को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों का आरोप है कि प्रिंसिपल छोटी-छोटी बातों पर छात्र को डांटते और प्रताड़ित करते थे, जिससे वह मानसिक तनाव में था। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और प्रिंसिपल के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है।
वहीं, पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के कारणों की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।










